- पलाशहोटल का एक कर्मचारी व हनुमानगढ़ में एक मकान में दस मरीज मिले
- भेल कर्मचारी सहित 8 एक साथ संक्रमित मिले
- नए व पुराने शहर के एक दर्जन क्षेत्रों में मिले नए संक्रमित
भोपाल । लॉकडाउन से आजादी के तीसरे ही दिन राजधानी भोपाल में कोरोना पॉजिटिव (Corona viruses) मरीजों की संख्या में जबर्दस्त व चिंताजनक उछाल आ गया है। शहर में आज 61 नये मरीज सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। यह बीते ढाई महीने में मरीजों के मिलने का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसमें पलाश होटल का एक कर्मचारी भी पॉजिटिव बताया जा रहा है। दूसरी तरफ हनुमानगढ़ क्षेत्र में एकमुश्त 15, गोविंदपुरा में 8, मरीज सामने आये हैं। इससे पहले भोपाल में एक दिन में सर्वाधिक 53 मरीज सामने आये थे। इसी के साथ भोपाल में कोरोना मरीजों की संख्या 1745 हो गई है। हालांकि 1189 संक्रमित अब तक स्वस्थ होकर घर भी लौट चुके हैं, वहीं 60 लोगों की मौत हो चुकी है।
पुराने शहर में फिर तेजी से फैल रहा संक्रमण
हनुमानगंज थाना क्षेत्र में बीते एक महीने पहले भी इक्का-दुक्का कोरोना संक्रमित मिले थे। चार दिन पहले घोड़ा नक्कास में दवा बाजार के पास दो मकानों में 8 पॉजिटिव मिले थे। आज दवा बाजार के पास दो भाग में बने एक मकान में एक साथ दस पॉजिटिव आए हैं। वहीं एक अन्य कॉलोनी में पांच लोग पॉजिटिव आए हैं।
भेल कर्मचारी सहित 8 कोरोना संक्रमित
भेल (BHEL) के ट्रांसफार्मर ब्लॉक के एक कर्मचारी के परिवार के चार लोग पॉजिटिव आए हैं। कर्मचारी पहले संक्रमित हो गया था। वहीं एक अन्य कर्मचारी के पिता संक्रमित हैं। आज भेल का एक और कर्मचारी सहित 8 लोग पॉजिटिव आए हैं। ये सभी भेल पांच लोग पॉजिटिव आए हैं। कर्मचारियों के परिजन बताए जा रहे हैं।
हमीदिया के रैन बसेरा पहुंचा कोरोना हमीदिया
अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरे में भी कोरोना पहुंच गया है। हमीदिया अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की देखभाल करने वाले दो लोग रैन बसेरे में रहते थे। भर्ती मरीज और दोनों केयरटेकर आज कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इन चारों के परिवार का एक युवक बीते दिनों मुंबई से वापस घर लौटते समय भोपाल के पास एक्सीडेंट हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जांच में उक्त युवक भी कोरोना पॉजिटिव आया था।
आज यहां भी मिले मरीज
आज आई रिपोर्ट में टीटी नगर क्षेत्र में 6, कोलार, करोंद, बाग उमराव दूल्हा में दो-दो, पलाश होटल, सदर बाजार, सिकंदरी सराय, बजरिया, शाहजहांनाबाद, जाटखेड़ी, छोला, बैरसिया, जहांगीराबाद में भी एक-एक नए मरीज मिले हैं।
COMMENTS